BREAKING NEWS

logo

पश्चिम मेदिनीपुर में 18 हजार से अधिक मतदाता नाम रद्द, एक लाख से ज्यादा लंबित


जिले में शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। जारी सूची के अनुसार कुल 18 हजार 086 मतदाताओं के नाम निरस्त कर दिए गए हैं, जबकि एक लाख तीन हजार 496 नाम अब भी विचाराधीन स्थिति में हैं। खसड़ा सूची के बाद भी पांच हजार 545 मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए, जिससे जिले में अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।

जिले के चार हजार 333 बूथों पर एसआईआर प्रपत्र भरे गए थे। खसड़ा सूची में कुल 38 लाख 12 हजार 556 मतदाताओं के नाम शामिल थे। इसके बाद कई मतदाताओं की सुनवाई और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शनिवार को निर्वाचन आयोग ने अंतिम सूची जारी की। इसमें खसड़ा सूची की तुलना में अतिरिक्त पांच हजार 545 नाम हटाए गए हैं। प्रारंभ से अब तक कुल 18 हजार 086 नाम निरस्त किए जा चुके हैं।

वहीं, 12 हजार 541 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। सबसे अधिक नाम खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में हटाए गए, जहां तीन हजार 342 मतदाताओं के नाम निरस्त हुए। इसके बाद खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र में 967 नाम हटाए गए हैं।

अंतिम सूची जारी होने के बाद शनिवार शाम मेदिनीपुर शहर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी ने बैठक की और आगे की प्रक्रिया और स्थिति को सुचारू ढंग से लागू करने हेतु चर्चा हुई।